मदन राठौड़ बोले- वसुंधरा जी के सब काम हो रहे:वे आज भी पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, हर बार कोई मुख्यमंत्री थोड़े




भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के एक बयान पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा- ऐसा नहीं है कि वसुंधरा राजे के काम नहीं हो पा रहे हैं। उनके हर काम हो रहे हैं। हर बार कोई मुख्यमंत्री थोड़े… किसको क्या मिलना है..। राठौड़ ने बीकानेर में मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने एक कहावत का भी जिक्र किया। कहा- ‘चिट्‌ठी चूर-चूर करे, मांगे डाल और घी, मोदी सु कुण झगड़ो करे, चिट्‌ठी खानी नाळ।’ राजनीतिक गलियारों में इसका भावार्थ अलग- अलग मायनों में निकाला जा रहा है। राजे ने कहा था- मैं अपने लिए कुछ नहीं कर सकी
इससे पहले गुरुवार को झालावाड़ में वसुंधरा राजे ने कहा था कि छोटे-मोटे काम होते रहते हैं। किसी को मकान नहीं मिल रहा, किसी की पेंशन नहीं मिल रही, किसी का मुआवजा नहीं मिल रहा। कल आई थी, ये लोग मुझे बोल रहे थे। मैंने कहा, मेरे साथ भी हो गया, मैं अपने आपके लिए कुछ नहीं कर सकी, तुम्हारे लिए क्या करूं। मेरा चला गया, मैं नहीं बचा सकी अपने आपको और तुम कह रहे हो कि आपका तो ठीक है, हमें बचा लीजिए। मैं कैसे बचाऊं? ये सब चलता रहता है, परिवार है। राजे के बयान के बाद से ही पार्टी में उनके कद को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थी। राठौड़ ने कहा- हर बार कोई मुख्यमंत्री नहीं बनता
राजे पर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा कि हर बार कोई मुख्यमंत्री नहीं बनता। कुर्सी जाने की बात को नकारते हुए कहा कि उनकी कुर्सी कैसे गई, वे आज भी पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। ममता बनर्जी का जनाधार खिसक रहा है
दरअसल, राठौड़ बीकानेर में भाजपा के संभाग ऑफिस में हुई एक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने राज्य में लंबित राजनीतिक नियुक्तियों पर भी जवाब दिए। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया जारी है और जल्द ही चरणबद्ध तरीके से विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां दी जाएंगी, जिससे संगठन को और मजबूती मिलेगी। राठौड़ ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी राय दी। उन्होंने कहा- उनका(ममता बनर्जी) जनाधार लगातार खिसक रहा है और तृणमूल कांग्रेस का शासन अधिक समय तक नहीं टिकेगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने असम में भाजपा की दो-तिहाई बहुमत से जीत का दावा किया। साथ ही तमिलनाडु में एआईएडीएमके के साथ मिलकर चुनाव जीतने की संभावना जताई। उदयपुर में भाजपा नेताओं के बीच दो फाड़ होने के मुद्दे पर कहा कि वहां कार्यकर्ताओं से बातचीत करके मामला सुलझा दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *