नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र के डुमरावां उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में शराब और शबाब की महफिल सजाने के मामले में पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधिकारी पंकज कुमार की ओर से दर्ज कराई गई इस एफआईआर में स्कूल शिक्षा समिति की सचिव के पति अजीत कुमार सहित पल्लू कुमार, सोनू यादव और रंजीत उर्फ सुगी को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव फैलाने, निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने और छात्रों के स्वास्थ्य व मानसिक स्थिति के साथ खिलवाड़ करने की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर सामने आया था शराब पीने का वीडियो पुलिस की यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए उस वीडियो के बाद सामने आई है, जिसमें इन युवकों को स्कूल के बरामदे पर बैठकर सरेआम अंग्रेजी शराब और सिगरेट पीते देखा गया था। यह वीडियो महावीर जयंती के अवसर का बताया जा रहा है। जिस समय जिला प्रशासन और स्थानीय लोग मघड़ा में हुई भगदड़ की दुखद घटना से मर्माहत थे, ठीक उसी समय ये अराजक तत्व स्कूल जैसे पवित्र स्थान को मयखाने में तब्दील कर कानून को ठेंगा दिखा रहे थे। वीडियो में स्कूल सचिव के पति की उपस्थिति ने शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा और मॉनिटरिंग पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। हेडमास्टर ने कहा- बाउंड्री वॉल नहीं है, हम बेबस हैं इस पूरे प्रकरण पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रज बिहारी ने बाउंड्री वॉल न होने का हवाला देते हुए अपनी बेबसी जाहिर की है। उनका कहना है कि चहारदीवारी के अभाव में असामाजिक तत्व स्कूल बंद होने के बाद आसानी से भीतर दाखिल हो जाते हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अब साफ कर दिया है कि स्कूल की गरिमा भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अपर थाना अध्यक्ष विलमेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का वैज्ञानिक तरीके से सत्यापन करने के बाद ही यह कानूनी कार्रवाई की गई है और जल्द ही सभी नामजद अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Source link