चंडीगढ़ PGI में आज से एडवांस्ड न्यूरो सेंटर शुरू हो गया है। इससे रोजाना इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब मरीजों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस नई बिल्डिंग में न्यूरोलॉजी और न्यूरो सर्जरी से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी। पहले मरीजों को जांच और इलाज के लिए अलग-अलग जगह जाना पड़ता था, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ते थे। अब इस सेंटर में एमआरआई, सीटी स्कैन और ब्लड टेस्ट जैसी सभी जरूरी सुविधाएं भी एक ही छत के नीचे मिलेंगी। इससे मरीजों को जल्दी और बेहतर इलाज मिल सकेगा। OPD शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं OPD का समय और शेड्यूल वैसा ही रहेगा। न्यूरोलॉजी OPD सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। गुरुवार को एक स्पेशल क्लिनिक सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा। न्यूरोसर्जरी OPD मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को जारी रहेगी। जनरल OPD का समय सुबह 8:00 बजे से सुबह 11:00 बजे तक रहेगा। मरीज़ और अटेंडेंट PGIMER, चंडीगढ़ के गेट नंबर 3 से एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर जा सकते हैं। विजिटर्स को गाइड करने और आसानी से ट्रांजिशन सुनिश्चित करने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। इमरजेंसी में न्यूरो सेवाएं ट्रॉमा सेंटर में मिलती रहेंगी एडवांस्ड न्यूरो सेंटर शुरू होने के बावजूद इमरजेंसी से जुड़ी न्यूरो सेवाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एक्सीडेंट और अन्य गंभीर मामलों के मरीजों को पहले की तरह एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर में ही इलाज मिलता रहेगा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सड़क हादसों जैसे मामलों में मरीजों को सिर्फ न्यूरो ही नहीं, बल्कि हड्डी और अन्य विभागों की भी तुरंत जरूरत होती है। ऐसे में सभी जरूरी इलाज एक ही जगह पर मिल सके, इसलिए ट्रॉमा सेंटर में यह सुविधा जारी रखी गई है। इमरजेंसी केस में समय सबसे अहम होता है, इसलिए मरीज को इधर-उधर शिफ्ट करने के बजाय वहीं पर पूरी टीम द्वारा इलाज किया जाता है। इससे मरीज को तुरंत और बेहतर उपचार मिल पाता है। छह मंज़िला बिल्डिंग में तीन बेसमेंट 47,619 स्क्वायर मीटर में फैली छह मंज़िला बिल्डिंग में तीन बेसमेंट हैं, जिनमें से दो पार्किंग के लिए हैं और इनमें 232 कारें खड़ी की जा सकती हैं। सबसे ऊपर वाले फ़्लोर पर 10 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और एक छोटा OT होगा, जहां सेरेब्रोवैस्कुलर सर्जरी, स्कल बेस सर्जरी, स्पाइनल सर्जरी और फंक्शनल न्यूरोसर्जरी जैसे मुश्किल प्रोसिजर में मदद मिलेगी।
Source link