अररिया साइबर थाना पुलिस ने 19 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई एक बड़ी साइबर अपराध घटना के खुलासे के बाद की गई। एसपी ने जानकारी दी कि 13 अप्रैल 2026 को जिले के तौकिर आलम के बैंक खाते में अवैध रूप से 19 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए थे। उसी दिन यह पूरी राशि निकाल ली गई। इस घटना के संबंध में साइबर थाना में कांड संख्या-19/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश में सघन छापेमारी की। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद बाबर (23 ), सुमित कुमार झा और तबरेज आलम के रूप में हुई है। बैंक खातों में फर्जी ट्रांसफर कर निकालते थे पैसा गिरफ्तारी के दौरान इनके कब्जे से 05 मोबाइल फोन, 09 एटीएम कार्ड और 22 हजार रुपए नगद बरामद किए गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह बैंक खातों में फर्जी ट्रांसफर कर तुरंत निकासी करने का तरीका अपनाता था। एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है। इस गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि बैंक संबंधी किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अनजान नंबर से आए कॉल या मैसेज पर सतर्क रहें और तुरंत साइबर थाने या हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार, सरोज कुमार और मनीषा कुमारी शामिल थीं। टीम ने बेहतर समन्वय और तकनीकी सहायता से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
Source link