पाली में एक गांव ऐसा भी है जहां देश आजादी के बाद पहली बार शुक्रवार को रोडवेज एसी बस पहुंची। फिर क्या तो कई ग्रामीणों की आंखों से खुशी से आंसू छलक गए। ढोल बजाए गए। मिठाई बांटी गई और बस के ड्राइवर और कंडक्टर को फूलमालाओं से लाद दिया। महिलाओं ने आरती उतारी। पूरा गांव बस आने की खुशी मना रहा था। ऐसा लग रहा था। जैसे सालों बाद पूरे गांव की मुराद पूरी हो गई। इस बस के शुरू होने से जवाली, खौड़ सहित आस-पास के कई गांवों के ग्रामीणों को फायदा होगा। पाली जिला मुख्यालय से करीब 45KM की दूरी पर रानी उपखंड का जवाली गांव स्थित। जिसमें करीब चार से पांच हजार वोटर है। उसके बाद भी इस गांव में रोडवेज बस नहीं आती थी। निजी बसों का भी इस छोटे से गांव में ज्यादा आना नहीं रहता था। ऐसे में एक गांव से दूसरे गांव आने-जाने में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। ज्यादातर ग्रामीण खुद के निजी वाहन रखने को मजबूर थे। कुल मिलाकर निजी वाहन नहीं होने की स्थिति में पाली या नाडोल की तरफ जाने के लिए भी बस का घंटों इंतजार करना पड़ता था।
जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई डिमांड
गांव के योगेन्द्रसिंह बताते है समस्या को लेकर वे कई बार मंत्री जोराराम कुमावत, बाली विधायक पुष्पेन्द्रसिंह राणावत, मारवाड़ जंक्शन विधायक केसाराम चौधरी से गांव का प्रतिनिधि मंडल मिला। आखिर उनके प्रयास रंग लगाए। जिसके तहत शुक्रवार से जवाली को दो बसें मिली। जो जोधपुर से रवाना होकर आगे उदयपुर के लिए जाती है।
शुक्रवार का दिन हमारे लिए सबसे बड़ा उत्सव
गांव के उत्तम गांधी बताते है कि शुक्रवार का दिन हमारे लिए सबसे बड़ा जश्न का दिन था। आखिर सालों पुरानी हमारी मुराद पूरी हुई। जिसका फायदा पूरे गांव के लोगों को मिलेगा। अब जवाली से होकर रोडवेज की दो बसें गुजरेगी। जो जोधपुर से रवाना पाली, खोड, जवाली, नाडोल होते हुए उदयपुर तक जाएगी। एक बस जोधपुर से सुबह आठ बजे रवाना होगी जो साढ़े 10 बजे जवाली पहुंचेगी। दूसरी बस जोधपुर से 10 बजे रवाना होगी जो जवाली साढ़े 12 बजे पहुंचेगी। ग्रामीणों का कहना है कि अन्य रोडवेज बसें सोमेसर होकर निकल जाती है जवाली नहीं आती। इन बसों के जवाली गांव के महाराणा प्रताप बस स्टैंड पर स्टॉपेज होने से पूरे गांव को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
बस मिलने की खुशी में शामिल हुआ पूरा गांव
शुक्रवार को जब रोडवेज बस जवाली गांव पहुंची तो ग्रामीण पहले से उसके स्वागत के लिए तैयार थे। ढोल बजाए गए। बस के ड्राइवर-कंडक्टर को फूलमालाओं से ग्रामीणों ने लाद दिया। मुंह मीठा करवाया गया। और बस आने की खुशी जश्न के रूप में मनाई गई। इस दौरान जवाली प्रशासक जुगराज जैन, समाजसेवी योगेन्द्र सिंह मेड़तिया श्रवणसिंह राव, हनवंतसिंह गुड़ागंगा, जवाली कॉपरेटिव अध्यक्ष नारायणसिंह चौहान, छत्रसिंह कुंपावत, उतमचन्द गांधी जब्बरसिंह, घनाराम चौधरी रामलाल मेघवाल, नरपत घांची, प्रवीण कुमार, विक्रम राणा, नेमीचंद सोनी, सत्तार मोहम्मद, सोहनसिंह, रूपसिंह धारिया, रतन चौधरी ईटन्द्ररा मेड़तियान, चेलसिंह गुडागंगा, अजय जैन, अशोक मालवीय, मूलवन गोस्वामी, पूनमचंद मेवाड़ा, सोहन सिंह, नैनसिंह, रूप सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
Source link