बड़वानी जिला मुख्यालय के शुभम पैलेस में पुलिस खेल महोत्सव 2026 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया और भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव उपस्थित रहे। मंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें बधाई दी। इस मौके पर मंत्री भूरिया ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को नीति-निर्धारक बनाने और लोकसभा-विधानसभा में कानून बनाने का अवसर देना चाहती है, लेकिन कुछ दल महिलाओं को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं। महिला विरोधी नीतियों के कारण बिल अटका मंत्री निर्मला भूरिया ने लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक (131वां संशोधन) पारित न होने पर कांग्रेस सहित विपक्ष को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की महिला-विरोधी नीतियों के कारण यह बिल अटका हुआ है। जिला मुख्यालय पर आयोजित इस पुलिस महोत्सव के तहत कबड्डी खेल प्रतियोगिता का आयोजन 18 अप्रैल से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगा। मंत्री भूरिया ने कबड्डी प्रतियोगिता में बेटियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों की उपलब्धियां पूरे मध्यप्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है और इससे अन्य युवतियों को भी प्रेरणा मिलती है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने मंच से मंत्री निर्मला भूरिया की प्रशंसा की। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। हालांकि,अपने संबोधन में उन्होंने बार-बार बड़वानी पुलिस के बजाय झाबुआ पुलिस का उल्लेख किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि झाबुआ में जब हमने खेल उत्सव कराया था, तब भी दीदी (मंत्री) ने हर समय आकर जनता और पुलिस बल का हौसला बढ़ाया था। उसी कड़ी में दीदी आज यहां हम सबको अपना शुभ आशीष देने के लिए पधारी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दीदी का आशीर्वाद हम सबको मिलता रहेगा और उन पर दीदी का विशेष आशीर्वाद रहा है। पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि हमारी आधी आबादी महिलाओं की है, जिसके लिए महिला आरक्षण बिल भी आया था, लेकिन कुछ कारणों से वह पारित नहीं हो पाया। उन्होंने यह भी कहा कि निश्चित रूप से आगे आने वाली सदी हमारी महिलाओं की है। कार्यक्रम की अन्य तस्वीरें…
Source link