जालंधर में जिम से लौट रही युवती से छेड़छाड़:नशेड़ी युवकों ने किया परेशान , लड़की के पैर में आया फ्रैक्चर, एक आरोपी गिरफ्तार




जालंधर में गामा फिटनेस जिम से घर लौट रही एक युवती के साथ रास्ते में कुछ युवकों द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिम से निकलते ही तीन-चार नशा करने वाले युवकों ने युवती को रोका और उसके साथ बदतमीजी की, जिसके कारण वह सड़क पर गिर गई और उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य फरार होने में कामयाब रहे। फिलहाल युवती का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, युवती रोजाना की तरह जिम में वर्कआउट करने के बाद अपने घर की ओर जा रही थी। तभी रास्ते में तीन से चार युवकों ने उसे घेर लिया। चश्मदीदों और जिम के सदस्यों के अनुसार, ये युवक नशे की हालत में लग रहे थे। उन्होंने न केवल लड़की के साथ छेड़छाड़ की, बल्कि उसके साथ धक्का-मुक्की भी की, जिससे लड़की अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली के पास जा गिरी।
पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ इस हादसे में युवती के पैर में गंभीर चोट आई है और डॉक्टर फ्रैक्चर होने की आशंका जता रहे हैं। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी युवक युवती को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे थे। पकड़े गए आरोपी को तुरंत पुलिस स्टेशन ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
युवती का परिवार अस्पताल पहुंचा युवती के परिवार वालों को घटना की सूचना दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंच चुके हैं। जिम के अन्य सदस्यों और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी रोष है। लोगों का कहना है कि इलाके में नशेड़ियों का आतंक बढ़ता जा रहा है और अब बेटियां जिम जाने से भी डरने लगी हैं। जिम के पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि अन्य फरार आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस प्रशासन ने युवती के परिवार को आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *