उदयपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशा तस्कर के घर में छापा मारा। तस्कर के घर में न सिर्फ अफीम रखी थी, बल्कि नशे का सामान बेचकर कमाए गए रुपयों का ढेर भी लगा था। पुलिस ने मौके से करीब 51 लाख 65 हजार रुपए नकद बरामद किए। टीम ने 878 ग्राम अवैध अफीम भी जब्त की। कार्रवाई उदयपुर जिले के डिगरकिया गांव में हुई। ANTF आईजी विकास कुमार ने बताया- उदयपुर टीम को एक पुख्ता सूचना मिली थी कि गांव के रहने वाले राजू पाटीदार (25) ने अपने घर में भारी मात्रा में नशा छिपा रखा है। मुखबिर ने बताया था कि राजू आज इस माल की बड़ी खेप कहीं सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एएनटीएफ की टीम सक्रिय हुई और तुरंत घासा थाना पुलिस से संपर्क कर एक संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई। अब देखिए, कार्रवाई से जुड़ी 2 PHOTOS…
भागने की फिराक में था आरोपी ANTF आईजी विकास कुमार ने बताया- पुलिस की टीम जब राजू के घर पहुंची, तो उसने भागने की कोशिश भी की, लेकिन घेराबंदी इतनी तगड़ी थी कि वह पकड़ा गया। जब घर की तलाशी शुरू हुई, तो टीम को एक के बाद एक नोटों की गड्डियां मिलने लगीं। गिनती करने पर यह रकम 51 लाख 65 हजार रुपए निकली। पुलिस का कहना है कि यह सारा पैसा नशे के काले कारोबार से कमाया गया था। आईजी विकास कुमार ने बताया कि राजू पाटीदार ने इतनी कम उम्र में नशे का इतना बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया था। टीम को जैसे ही इनपुट मिला, उन्होंने बिना वक्त गंवाए छापेमारी की। आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। राजू यह अफीम कहां से लाया था और उदयपुर में उसके तार किन-किन तस्करों से जुड़े हैं। पुलिस को आरोपी राजू से पूछताछ में कई और बड़े नामों का खुलासा होने की उम्मीद है।
Source link