डिंडौरी के डाइट प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को जनगणना 2027 के लिए प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। मास्टर ट्रेनर्स प्रगणकों को घर-घर जाकर सर्वे करने और मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा अपलोड करने की तकनीकी प्रक्रिया समझा रहे है। प्रशिक्षण से गायब रहने वाले दो प्रगणकों को तहसीलदार ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। 31 मई तक चलेगा मोबाइल ऐप आधारित सर्वे प्रगणक 1 मई से 31 मई तक घर-घर जाकर परिवारों की जानकारी एकत्र करेंगे। प्रशिक्षण में बताया गया कि इस सर्वे के दौरान प्रत्येक परिवार से कुल 34 सवाल पूछे जाएंगे। प्रगणकों को मकानों की नंबरिंग करने, गांव का नजरिया नक्शा तैयार करने और डिजिटल डेटा सुरक्षित रूप से अपलोड करने का अभ्यास कराया जा रहा है। 412 गांवों के लिए 569 ब्लॉक तैयार डिंडौरी तहसील के 412 गांवों में गणना कार्य के लिए 569 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया के लिए कुल 703 स्टाफ तैनात किया गया है, जिसमें 513 प्रगणक और 91 सुपरवाइजर शामिल हैं। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति के लिए 10 प्रतिशत स्टाफ को रिजर्व में रखा है। पांच कक्षों में मास्टर ट्रेनर्स दे रहे ट्रेनिंग तहसीलदार शशांक शेडे ने बताया कि पांच अलग-अलग कक्षों में 220 प्रगणकों को 11 मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा। प्रशिक्षण सत्र में अमरपुर नायब तहसीलदार सुरभि सुलाखे और समनापुर नायब तहसीलदार सुखमन कुलेश भी उपस्थित रहे। स्व-गणना आईडी सुरक्षित रखने के निर्देश प्रशिक्षण में 16 से 30 अप्रैल तक चलने वाली स्व-गणना प्रक्रिया पर भी जोर दिया गया। प्रगणकों को निर्देशित किया गया है कि वे नागरिकों को स्वयं जानकारी भरने के लिए जागरूक करें और उससे प्राप्त होने वाली संदर्भ आईडी को सुरक्षित रखने में मदद करें। ट्रेनिंग के दौरान प्रगणकों के लिए ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की जा रही है।
Source link