उदयपुर की सवीना थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि आरोपी मंशाराम परमार पुत्र लक्ष्मणलाल निवासी बिचला फला सरेगा को गिरफ्तार किया है। भागते वक्त आरोपी का दांया पैर टूट गया। जिसके बाद उसका हॉस्पिटल में इलाज कराया। आरोपी मंशाराम पहाड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, लड़ाई-झगड़ा, रेप, अपहरण, चोरी, नकबजनी, लूट, हत्या, आर्म्स एक्ट, हिरासत से भागने, चेन स्नैचिंग आदि के कुल 23 मामले दर्ज हैं। इससे पहले इस मामले में 2 आरोपी पकड़े जा चुके हैं और 1 नाबालिग डिटेन हो चुका है। सिगरेट लेने के बहाने बातों में उलझाया, फिर चेन खींची थानाधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता सुनीता कलाल निवासी अंबामाता घाटी ने 11 फरवरी 2026 को थाने में रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि रात करीब 8 बजे वह अपनी किराना की दुकान पर थी। तभी दो युवक बाइक पर आए। उन्होंने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। उन्होंने सिगरेट लेने के बहाने उन्हें बातों में उलझाया और उनके गले में पहनी हुई सोने की चेन खींचकर भागने लगे। जब वह चिल्लाने लगी तो आसपास लोगों ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की। इस पर पीछे बैठे बदमाश ने लोगों को चाकू दिखाया और मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया।
Source link